14 साल के वैभव ने रचा इतिहास: IPL में 35 गेंदों पर शतक लगाकर सबसे युवा बल्लेबाज बने वैभव, राजस्थान की शानदार जीत
14 साल के वैभव सूरयवंशी के शतक की बदौलत राजस्थान रॉयल्स (RR) ने गुजरात टाइटंस (GT) को 8 विकेट से हरा दिया।

14 साल के वैभव सूरयवंशी के शतक की बदौलत राजस्थान रॉयल्स (RR) ने गुजरात टाइटंस (GT) को 8 विकेट से हरा दिया। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान ने 2 विकेट के नुकसान पर 16वें ओवर में ही 210 रन का टारगेट हासिल कर लिया। पहले बैटिंग करते हुए GT ने 4 विकेट खोकर 209 रन बनाए थे। सोमवार को रिकॉर्ड्स का दिन वैभव सूरयवंशी के नाम रहा। वे IPL और टी-20 में शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने। वैभव ने 35 गेंदों पर शतक लगाया, जो IPL में किसी भारतीय खिलाड़ी का सबसे कम गेंदों पर शतक है। उन्होंने IPL में दूसरा सबसे तेज शतक लगाया और यशस्वी जायसवाल के साथ राजस्थान के लिए सबसे बड़ी साझेदारी की।
वैभव सूरयवंशी IPL में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने। उन्होंने मात्र 14 साल और 32 दिन की उम्र में शतक लगाया। इसके पहले रियान पराग ने 17 साल 175 दिन में 2019 में शतक लगाया था। वैभव ने IPL-18 की सबसे तेज फिफ्टी भी लगाई, उन्होंने केवल 17 गेंदों में फिफ्टी पूरी की। इसके बाद निकोलस पूरन का नंबर आता है, जिन्होंने 18 गेंदों पर हैदराबाद के खिलाफ फिफ्टी लगाई थी।
राजस्थान रॉयल्स ने अपना हाईएस्ट पावरप्ले स्कोर बनाया। टीम ने बिना किसी विकेट के 87 रन बनाए। इससे पहले, सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 2023 में टीम ने शुरुआती 6 ओवर के बाद एक विकेट खोकर 85 रन बनाए थे। वैभव सूरयवंशी ने राजस्थान रॉयल्स के लिए सेकेंड फास्टेस फिफ्टी लगाई। उन्होंने सिर्फ 17 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की।
2023 में कोलकाता के खिलाफ यशस्वी जायसवाल ने 13 गेंदों में फिफ्टी बनाई थी। वैभव सूरयवंशी ने IPL में दूसरा सबसे तेज शतक लगाया। उन्होंने 35 गेंदों पर राशिद खान को छक्का मारकर अपना शतक पूरा किया। वैभव से पहले क्रिस गेल ने 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 30 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था, जो अब तक का सबसे तेज शतक है। वैभव IPL में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय भी बने। उनके बाद यूसुफ पठान का नंबर आता है, जिन्होंने 2010 में मुंबई के खिलाफ 37 गेंदों पर शतक लगाया था।
टी-20 क्रिकेट में अब तक के सबसे युवा शतक लगाने वाले खिलाड़ियों में वैभव सूरयवंशी का नाम सबसे ऊपर आता है। उन्होंने 14 साल 32 दिन की उम्र में राजस्थान रॉयल्स के लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों में शतक पूरा किया। इसके बाद विजय शंकर ने 18 साल 118 दिन में महाराष्ट्र के लिए मुंबई के खिलाफ 2013 में शतक लगाया था।
वैभव सूरयवंशी और यशस्वी जायसवाल ने राजस्थान रॉयल्स के लिए किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी की। दोनों ने मिलकर गुजरात टाइटंस के खिलाफ 166 रन की साझेदारी की, जो अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले देवदत्त पडिक्कल और जोस बटलर ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 155 रन की साझेदारी की थी, जो दूसरे स्थान पर है। राजस्थान रॉयल्स ओवरऑल के हिसाब से IPL में सबसे तेज 200+ रन चेज करने वाली टीम बनी। RR ने GT के खिलाफ 15.5 ओवर में 210 रन चेज किया। इसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने 2024 में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ 16 ओवर में यह कारनामा किया था।