पारा 41 डिग्री के पार, मई में बदलेगा मौसम।

अंबाला कई दिनों से तेज धूप और गर्म हवा चलने से ज्यादा गर्मी पड़ रही है। गर्मी बढ़ने पर अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार हो चुका है। सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक भी बाजारों से रौनक गायब रही और सड़कें भी सुनसान दिखी। रविवार दोपहर में भी ऐसा ही दृश्य देखने को मिला। बाजारों में लोगों की भीड़ नहीं दिखी। रविवार को अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 29 अप्रैल के दौरान गर्म और शुष्क रहने की संभावना है। 28 और 29 अप्रैल को फिर से पश्चिमी हवाएं चलने से मौसम गर्म रहेगा। इसके साथ ही तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है और बीच-बीच में गर्म, धूल-भरी हवाएं अर्थात लू भी चल सकती हैं, लेकिन 30 अप्रैल के बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य में मौसम में बदलाव संभावित है। एक से तीन मई के बीच 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवा चल सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक की भी संभावना है। इस दौरान गर्म हवा चलने से गर्मी भी परेशान कर सकती है।