कांग्रेस देश की रक्षक नहीं, गद्दार पार्टी हिंदुस्तान छोड़कर पाकिस्तान चले जाना चाहिए
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस द्वारा अपने ट्विटर अकाउंट पर पहले सिर गायब वाली फोटो लगाने और फिर उसे हटाने के मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस द्वारा अपने ट्विटर अकाउंट पर पहले सिर गायब वाली फोटो लगाने और फिर उसे हटाने के मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। विज ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हर कौम और हर सेना युद्ध में अपने नायक का सर ऊंचा रखती है, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने जो घिनौनी हरकत की है, वह बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने युद्ध के नायक का सिर काटकर उस तस्वीर को ट्वीट किया है, जो देश के लिए अपमानजनक है।
विज ने इसे देशद्रोह करार देते हुए कहा कि कांग्रेस अब देश की रक्षक पार्टी नहीं, बल्कि यह देश की गद्दार पार्टी बन गई है। उन्होंने गुस्से में कहा कि कांग्रेस को अब “गद्दार कांग्रेस पार्टी” और “शत्रु कांग्रेस पार्टी” के नाम से संबोधित किया जाना चाहिए। उनके अनुसार, कांग्रेस ने अपने आप को देश की पार्टी कहने का अधिकार खो दिया है, जबकि देश का बच्चा-बच्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा है। यह पार्टी प्रधानमंत्री मोदी का सिर काटकर तस्वीरें लगाती है, इन्हें देश में रहने का कोई अधिकार नहीं है और इन्हें हिंदुस्तान छोड़कर पाकिस्तान चले जाना चाहिए।
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में एक बैठक में सेना को फ्री हैंड दिया है, और इस निर्णय पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जो कर रहे हैं, वह देशहित में कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने हमेशा फौजों और अन्य अधिकारियों को अपनी काबिलियत के अनुसार काम करने की छूट दी है।
एसवाईएल (सतलुज यमुना लिंक) के तहत हरियाणा के पानी को पंजाब द्वारा रोके जाने पर अनिल विज ने कहा कि युद्ध के समय पूरे देश को एकजुटता दिखानी चाहिए, और पंजाब, जो कि एक बॉर्डर स्टेट है, को इस प्रकार के मुद्दे नहीं उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवंत मान द्वारा लिया गया फैसला अगर वापस लिया जाए तो यह बेहतर होगा।