छत गिरने से परिवार के तीन सदस्यों की मौत, हादसे से मचा हड़कंप
अम्बाला सिटी के मोती नगर इलाके में एक मकान की कच्ची छत गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।
अम्बाला सिटी के मोती नगर इलाके में एक मकान की कच्ची छत गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 35 वर्षीय राजू उर्फ जावेद अली, उनकी पत्नी 32 वर्षीय अनु और उनका पांच वर्षीय बेटा नूर अहमद शामिल हैं। यह दर्दनाक हादसा दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुआ, जब परिवार के सदस्य दोपहर का खाना खा रहे थे। अचानक छत गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे तीन सदस्यों में से दो को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के वक्त घर में सात वर्षीय खतीजा बाहर खेल रही थी, जिसकी जान बच गई। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को शवगृह में रखवा दिया है। वीरवार सुबह पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू हो गई। मृतकों के रिश्तेदार अम्बाला नहीं पहुंच पाए थे और वे देर रात तक घटनास्थल पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही दमकल कर्मचारी और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने छत के मलबे से महिला को निकाला और सीपीआर देकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। इसके बाद तीनों शवों को शवगृह में रखवा दिया गया। इस दौरान सिटी एसडीएम दर्शन कुमार, सिटी थाना प्रभारी अनिल कुमार, सीएमओ राकेश सहगल सहित कई अन्य आला अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले का जायजा लिया।
