अंबाला में चलेंगी 5 नई इलेक्ट्रिक बसें, कुल संख्या बढ़कर 10 हुई
अंबाला में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए जल्द शामिल होंगी 5 और इलेक्ट्रिक बसें। बसों का संचालन साहा मार्ग पर किया जाएगा।

अंबाला। शहर में सार्वजनिक परिवहन को और अधिक पर्यावरण अनुकूल और आरामदायक बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया जा रहा है। जल्द ही अंबाला में पांच नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी, जिससे डिपो में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़कर 10 हो जाएगी।
नई आने वाली बसों को अंबाला छावनी से साहा और अंबाला शहर से साहा रूट पर चलाया जाएगा। इनके संचालन के साथ ही सभी इलेक्ट्रिक बसों की समय-सारणी को दोबारा से निर्धारित किया जाएगा, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।
गर्मी में राहत दे रही हैं एसी बसें
अंबाला डिपो पिछले एक वर्ष से यात्रियों को वातानुकूलित बसों की सेवा दे रहा है। वर्तमान में डिपो के पास 25 एसी बसें हैं, जिनमें से 20 डीजल से संचालित होती हैं और 5 इलेक्ट्रिक बसें हैं। डीजल बसें मुख्य रूप से लंबे रूट्स पर जबकि इलेक्ट्रिक बसें लोकल रूट्स पर चलाई जा रही हैं।
लोकल रूट्स पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन
अंबाला सिटी से बोह-बब्याल और पंजोखरा मार्ग पर एक-एक इलेक्ट्रिक बस सुबह और शाम संचालित होती है। इसके अतिरिक्त, ये दोनों बसें दिनभर अंबाला सिटी से छावनी बस अड्डे के फेरे लगाती हैं। तीन अन्य इलेक्ट्रिक बसें भी दिनभर सिटी से कैंट के बीच चल रही हैं, जो कुल मिलाकर प्रतिदिन करीब 45 फेरे पूरा करती हैं।