ऑपरेशन सिंदूर के बाद अंबाला में हाई अलर्ट, सुरक्षा बढ़ाई गई, छुट्टियों पर रोक
ऑपरेशन सिंदूर के बाद अंबाला में सेना और वायु सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा बढ़ा दी गई है, स्कूल में छुट्टी घोषित की गई और रेलवे कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है।
अम्बाला सेना और वायु सेना के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए एयर स्ट्राइक के बाद दोनों बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए कई बार मॉकड्रिल भी की जा चुकी है। सेना और वायु सेना दोनों के स्टेशनों पर सुरक्षा को और अधिक मजबूत किया गया है। इसके साथ ही एहतियातन बुधवार को एयरफोर्स स्टेशन के पास स्थित एयरफोर्स स्कूल में अचानक छुट्टी घोषित कर दी गई, जो कि अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
सैन्य क्षेत्र में बढ़ी सख्ती
पहले सैन्य क्षेत्र में आम नागरिकों के लिए सभी रास्ते खुले थे, लेकिन बुधवार को कुछ रास्तों को अस्थाई रूप से बेरिकेड्स लगाकर बंद कर दिया गया। इन मार्गों से अब वाहनों की आवाजाही संभव नहीं है। सैन्य क्षेत्र में पहले से ही नाकों की संख्या बढ़ाई गई थी, जहां अब सेना के साथ-साथ पुलिस बल भी बंकरों में तैनात है और आने-जाने वाले वाहनों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। गश्त भी पहले से अधिक बढ़ा दी गई है।
रेल मंडल का आदेश: छुट्टियों पर रोक
आगामी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अंबाला रेल मंडल के पर्सनल विभाग ने निर्देश जारी किए हैं कि बिना किसी ठोस कारण के किसी कर्मचारी को छुट्टी न दी जाए।
- ट्रेनों के निर्बाध संचालन को बनाए रखने के लिए नए अवकाश अनुरोधों को स्वीकृत न किया जाए।
- ट्रेन संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण स्टाफ को स्टेशन अवकाश न दें।
- पहले से स्वीकृत छुट्टियों की समीक्षा कर उन्हें आवश्यकतानुसार रद्द किया जाए।
- अगर कोई कर्मचारी झूठी बीमारी के बहाने छुट्टी लेने की कोशिश करता है तो उसकी सत्यता की जांच के बिना छुट्टी स्वीकृत न करें।
