तनाव के बाद राहत: अंबाला में लौटी रौनक, ट्रेनों-बसों का संचालन सामान्य

0
अम्बाला

अंबाला। भारत-पाकिस्तान के बीच युद्धविराम की घोषणा के बाद अंबाला में स्थिति सामान्य होती नजर आ रही है। तनावपूर्ण हालात अब शांत होते दिख रहे हैं। लोग देर रात तक बाजारों में खरीदारी करते नजर आए। हरियाणा रोडवेज की बस सेवाएं भी नियमित रूप से संचालित हो रही हैं।

अमृतसर की ओर जाने वाली ट्रेनों का संचालन भी सामान्य हो गया है। एक दिन पहले इन ट्रेनों को रोका गया था, लेकिन कुछ ही घंटों में फिर से बहाल कर दिया गया। जिले के सभी शिक्षण संस्थान भी मंगलवार से सामान्य रूप से खुलने लगेंगे। पूर्व में स्थगित की गई लोक अदालत की नई तारीख तय करने पर विचार चल रहा है।

शनिवार को सुरक्षा कारणों से ट्रेनों को रविवार को उजाला होने के बाद ही चलाया गया, हालांकि इनकी समय पर रवाना न होने से यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। उन्हें कई घंटे रेलवे स्टेशन पर बैठकर इंतजार करना पड़ा। इसी प्रकार रोडवेज ने 20 बसों को पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में भेजा। सोमवार से बसों की संख्या और फेरे बढ़ाए जाएंगे।

ब्लैकआउट से मिली राहत

जिला प्रशासन ने रविवार को ब्लैकआउट से राहत देने की घोषणा की। अब बाजार और दुकानें सामान्य रूप से खुल सकेंगी। प्रशासन ने अपील की है कि रात के समय बाहर की रोशनी (जेनरेटर या इन्वर्टर से) न जलाएं, लेकिन घर के अंदर की रोशनी जलाने की अनुमति है। उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने कहा कि ड्रोन उड़ाना प्रतिबंधित है और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

छावनी स्टेशन पर बढ़ी भीड़

अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर पहले की तुलना में यात्रियों की भीड़ में काफी इज़ाफा हुआ है। जहां पहले प्रतिदिन 1,500 से 2,000 यात्री स्टेशन पर आते थे, अब यह संख्या 8,000 से 10,000 तक पहुंच गई है। इसमें अधिकांश श्रमिक पंजाब और हिमाचल से आ रहे हैं, जो सुबह से स्टेशन पर डेरा डाल देते हैं और रात तक ट्रेन का इंतजार करते हैं।

स्टेशन पर नहीं दिखा सहायता बूथ

भीड़ को देखते हुए भी रेलवे द्वारा कोई विशेष प्रबंध नहीं किए गए हैं। न तो यात्रियों के लिए सहायता बूथ लगाया गया है, न ही श्रमिकों के आराम के लिए टेंट आदि की व्यवस्था की गई है। इस कारण यात्रियों को अनारक्षित टिकट घर के बाहर ही बैठकर इंतजार करना पड़ रहा है।

ट्रेनों का देरी से संचालन

  • 19326 अमृतसर-इंदौर एक्सप्रेस को देर रात 2 बजे की बजाय सुबह 8 बजे रवाना किया गया।
  • 14632 देहरादून एक्सप्रेस सुबह 5:30 बजे चली।
  • 04652 जयनगर क्लोन एक्सप्रेस 3 घंटे देरी से, 22424 गोरखपुर जनसाधारण एक्सप्रेस 2 घंटे देरी से चली।
  • 12716 सचखंड एक्सप्रेस 30 मिनट देरी से चली।
  • 12014 शताब्दी एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया।
  • 12204 गरीबरथ एक्सप्रेस सुबह 6 बजे, 12484 एक्सप्रेस सुबह 6:30 बजे रवाना हुई।

जम्मू से भी प्रभावित रहा संचालन

कटरा और जम्मू से चलने वाली ट्रेनों पर भी असर देखा गया।

  • 22478 वंदे भारत एक्सप्रेस को सुबह 5:45 बजे की जगह 6:30 बजे चलाया गया।
  • 11078 झेलम एक्सप्रेस रात 2:30 बजे, 14662 शालीमार मलानी एक्सप्रेस सुबह 8:18 बजे,
  • 13152 रात 10:40 बजे,
  • 22462 श्रीशक्ति एक्सप्रेस रात 2 बजे,
  • 12446 रात 11 बजे,
  • 12752 हमसफर एक्सप्रेस सुबह 5:45 बजे की बजाय 7 बजे रवाना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *