सेना पर विवादित टिप्पणी पर बिफरे हुड्डा,’मंत्री को तुरंत बर्खास्त करो’
दीपेंद्र हुड्डा ने गुरुकुल खेड़ा में प्रेस वार्ता के दौरान ‘जय हिंद यात्रा’ की घोषणा की और भाजपा मंत्री के बयान को देशभक्ति के खिलाफ बताते हुए बर्खास्तगी की मांग की।

भाजपा मंत्री के बयान को बताया निंदनीय
दीपेंद्र हुड्डा ने मध्य प्रदेश के एक भाजपा मंत्री द्वारा सेना की दो महिला अफसरों—कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह—पर दिए गए विवादित बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, “सेना में सेवा देने वाले हर जवान 140 करोड़ भारतीयों के भाई-बहन हैं। उन्हें धर्म या जाति के आधार पर बांटना निंदनीय है।”
उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद मंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है, फिर भी वह पद पर बना हुआ है। “अगर भाजपा सच्चे अर्थों में देशभक्त है, तो उस मंत्री को तुरंत बर्खास्त कर कार्रवाई करे।”
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने उचाना विधानसभा क्षेत्र के गुरुकुल खेड़ा गांव में प्रदेश कांग्रेस नेता विकास खटकड़ के पिता के निधन पर संवेदना व्यक्त की। इस दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कांग्रेस की देशव्यापी ‘जय हिंद यात्रा’ की घोषणा की और भाजपा सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले किए।
15 महानगरों में निकाली जाएगी ‘जय हिंद यात्रा’
दीपेंद्र हुड्डा ने बताया कि कांग्रेस देश के 15 प्रमुख महानगरों में ‘जय हिंद यात्रा’ निकालेगी, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति को नया स्वरूप देना है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा एकतरफा है, जबकि यदि सभी राजनीतिक दल मिलकर यह यात्रा निकालते तो दुनिया को भारत की एकता का सशक्त संदेश जाता।
उन्होंने कहा, “मैंने प्रस्ताव दिया था कि दिल्ली में सभी सांसद राष्ट्रपति भवन से इंडिया गेट तक तिरंगा यात्रा निकालें। इससे दुनिया को यह संदेश जाता कि भारत अंदरूनी मतभेद भुलाकर एकजुट है।”