खेलो इंडिया में हरियाणा के पहलवानों का जलवा, कई स्वर्ण जीतकर फिर मैदान में उतरे
खेलो इंडिया में हरियाणा के पहलवानों ने फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन मुकाबलों में स्वर्ण और रजत जीतकर दम दिखाया। बुधवार को पांच स्वर्ण पदकों पर टिकी हैं नजरें।

नई दिल्ली/पंचकूला: खेलो इंडिया में हरियाणा के पहलवानों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन दोनों वर्गों में अपना दबदबा कायम रखा। फ्री स्टाइल में 51 किग्रा भार वर्ग में हर्ष, 92 किग्रा में अर्जुन, और ग्रीको रोमन में 65 किग्रा वर्ग में रोविंद ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
इनके अलावा महिला वर्ग में 49 किग्रा भार में नैना ने दिल्ली की अदिति को हराकर स्वर्ण पदक जीता। हरियाणा के पहलवानों ने महाराष्ट्र के खिलाड़ियों को खासा संघर्ष दिया, जिसमें अर्जुन, हर्ष, सूरज और सचिन कुमार का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा। रोविंद ने हरियाणा के ही अनुज को चित कर स्वर्ण जीता।
रजत पदक विजेताओं में 80 किग्रा फ्री स्टाइल में सचिन, 61 किग्रा में टीना पूनिया, और 65 किग्रा ग्रीको रोमन में अनुज शामिल रहे। टीना पूनिया ने यूपी की शिल्पा को पराजित किया।
हरियाणा का अगला मुकाबला – पांच स्वर्ण और तीन कांस्य पर निगाहें
बुधवार को हरियाणा के पहलवान खेलों इंडिया में पांच स्वर्ण और तीन कांस्य पदकों के लिए मैट पर उतरेंगे।
महिला वर्ग में:
46 किग्रा में अन्नू का मुकाबला महाराष्ट्र की रुतुजा से
69 किग्रा में मनीषा की भिड़ंत राजस्थान की पलक यादव से होगी
ग्रीको रोमन में:
51 किग्रा में राहुल का मुकाबला कर्नाटक के एडी बिलागी से
71 किग्रा में विनीत की भिड़ंत महाराष्ट्र के संजय से
55 किग्रा फ्री स्टाइल में साहिल का सामना दिल्ली के चिराग से होगा
इसके अलावा 65 किग्रा फ्री स्टाइल में रोहित और सुमित भी अपने-अपने विरोधियों से जोरदार मुकाबला करेंगे। 80 किग्रा फ्री स्टाइल में सिद्धांत गुलिया का सामना पंजाब के तरणवीर से होगा।
हरियाणा के खेल प्रेमियों की नजरें एक बार फिर राज्य के पहलवानों पर टिकी हैं, जो पदकों की होड़ में राज्य का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं।