युवाओं ने हाथों में तलवार और फरसा लेकर निकाली आक्रोश रैलीअम्बाला सिटी।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में वीरवार को शहर में विभिन्न हिंदू संगठनों ने आक्रोश रैली

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में वीरवार को शहर में विभिन्न हिंदू संगठनों ने आक्रोश रैली निकाली और प्रदर्शन किया। शहर में कई कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया। यह रैली श्रीराम मंदिर अम्बाला सिटी से शुरू होकर कालका चौक, बलदेव नगर से होते हुए खतौली की गोशाला पर समाप्त हुई।
रैली से पहले महामंडलेश्वर स्वामी जानानंद महाराज ने हनुमान चालीसा का पाठ किया।
सैकड़ों युवा हाथों में गदा, डंडा, फरसा और तलवार लेकर करीब 500 मोटरसाइकलों और 200 गाड़ियों के साथ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करते दिखे। आक्रोश रैली के बलदेव नगर पहुँचने पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे आने-जाने वाले राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अम्बाला कैंट, मुलाना, नारायणगढ़, बराड़ा और साहा में भी संगठनों ने प्रदर्शन किया। लोगों ने पाकिस्तान के झंडे को घसीटते हुए उसका दहन किया। आक्रोश रैली के दौरान हिंदू संगठनों के सदस्यों ने रास्ते भर “भारत माता की जय” और “गो माता की जय” के नारे लगाए। इसी दौरान संगठनों के सदस्यों ने आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले पर भी गहरा रोष जताया।
पहलगाम में आतंकी हमले पर श्री सनातन धर्म प्रतिनिधि सभा पंजाब के प्रधान डॉ. दशबोध ने कहा कि उत्तर भारत के सात राज्यों में उनसे जुड़ी हुई लगभग 200 स्थानीय सनातन धर्म सभाओं और सनातनी शिक्षण संस्थाओं से जुड़े हजारों सनातनधर्मियों में आक्रोश है।