लाडवा में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर तिरंगा यात्रा, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया नेतृत्व
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में तिरंगा यात्रा निकाली। यह यात्रा पहलगाम हमले में शहीदों को श्रद्धांजलि देने और जवानों के साहस को सम्मानित करने के लिए आयोजित की गई।

लाडवा (हरियाणा)।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने विधानसभा क्षेत्र लाडवा में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में आयोजित तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। यह यात्रा लाडवा बस अड्डे से शुरू होकर शहर के प्रमुख बाजारों से होते हुए गुज़री।
इस यात्रा में पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा, भाजपा जिला अध्यक्ष तेजेंद्र सिंह गोल्डी, भाजपा नेता सुभाष कलसाना, धूमन सिंह किरमच सहित हजारों लोगों ने भाग लिया। यात्रा के दौरान लोगों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।
तिरंगा यात्रा हमारे वीर जवानों को समर्पित: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा सिर्फ एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि उन वीर जवानों को सलाम है जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को सफल बनाकर देश का गौरव और स्वाभिमान बढ़ाया।
उन्होंने आगे कहा कि यह यात्रा पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए 26 लोगों को सच्ची श्रद्धांजलि है। मुख्यमंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि वे देश की सुरक्षा और एकता के लिए हमेशा जागरूक और संकल्पबद्ध रहें।