मौसम की मार से निपटने को तैयार ट्रांसफार्मर, बिजली विभाग ने बढ़ाई क्षमता।

0

मई माह की शुरुआत के साथ ही तेज हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं।

1

अंबाला सिटी।
मई माह की शुरुआत के साथ ही तेज हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं। आगामी दिनों में जहां गर्मी अपना प्रकोप दिखाएगी, वहीं आंधी-तूफान और बारिश के चलते ट्रांसफॉर्मरों के खराब होने की संभावना भी बढ़ जाएगी। गर्मियों में कई बार ट्रांसफॉर्मरों में आग लगने की घटनाएं भी सामने आती हैं। इस समस्या से निपटने के लिए बिजली निगम ने अंबाला सर्कल में नए ट्रांसफॉर्मर लगाने के साथ-साथ पुराने ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाने का कार्य शुरू कर दिया है।

इसके अलावा, मोबाइल ट्रांसफॉर्मर ट्रॉली और ट्रांसफॉर्मर बैंक में भी ट्रांसफॉर्मरों की संख्या बढ़ाई जा रही है। इस कार्य के लिए अधीक्षण अभियंता ने सभी कार्यकारी अभियंताओं और उपमंडल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। अंबाला सर्कल में इस समय 3 लाख 85 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं। निगम द्वारा की जा रही यह पहल इन उपभोक्ताओं को गर्मियों में बड़ी राहत देगी।

दरअसल, गर्मी या आंधी-तूफान के चलते अगर किसी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होती है, तो वहां तुरंत मोबाइल ट्रांसफॉर्मर ट्रॉली भेजी जाती है। इस ट्रॉली में ट्रांसफॉर्मर लगा होता है जिसे आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा सकता है। इसी तरह, बिजली निगम ने ट्रांसफॉर्मर बैंक भी बनाया है। अगर किसी क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर खराब होता है, तो वहां से ट्रांसफॉर्मर बैंक से ट्रांसफॉर्मर लाकर तुरंत बदल दिया जाता है।

शहर में अब 400 केवीए के बड़े ट्रांसफॉर्मरों की भी व्यवस्था की गई है, जिनकी संख्या पहले कम थी। इसके अलावा, निगम 25, 63, 100 और 200 केवीए के ट्रांसफॉर्मरों की संख्या भी बढ़ाएगा। अंबाला सर्कल में फिलहाल लगभग 25 हजार ट्रांसफॉर्मर हैं। हर उपमंडल में करीब 2 हजार ट्रांसफॉर्मर हैं। इन्हीं के अनुपात में ट्रांसफॉर्मरों की व्यवस्था की जा रही है।

वर्तमान में बिजली निगम के पास 23 मोबाइल ट्रांसफॉर्मर ट्रॉली हैं और ट्रांसफॉर्मर बैंक में 64 ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध हैं। निगम अब 15 नई ट्रॉली शामिल करेगा और ट्रांसफॉर्मर बैंक की संख्या भी 64 से बढ़ाकर 105 की जाएगी। ये ट्रांसफॉर्मर उपमंडल स्तर पर रखे जाएंगे ताकि आपात स्थिति में बिजली कर्मचारी मौके पर पहुंचकर इन्हें स्थापित कर सकें और लोगों को तुरंत राहत मिल सके। इससे लंबे समय तक बिजली गुल रहने की समस्या से निजात मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *